
हरारे स्पोर्ट्स क्लब में शुक्रवार को खेले गए अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में वैभव सूर्यवंशी की ताबड़तोड़ 175 रनों की पारी के दम पर भारत ने इंग्लैंड को 412 रनों का विशाल लक्ष्य दिया। छठे खिताब की तलाश में उतरी भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी का फैसला सही साबित किया।
कप्तान आयुष म्हात्रे ने टॉस जीतकर बैटिंग चुनी। भारत ने 20 रन पर आरोन जॉर्ज (9) को खो दिया। यहां सूर्यवंशी ने म्हात्रे के साथ 90 गेंदों में 142 रनों की साझेदारी कर स्कोर 162 तक पहुंचाया। म्हात्रे 51 गेंदों में 7 चौकों और 2 छक्कों के साथ 53 रन बनाकर लौटे।
इसके बाद सूर्यवंशी ने वेदांत त्रिवेदी के साथ 39 गेंदों में 89 रन जोड़े। सूर्यवंशी 80 गेंदों में 15-15 चौके-छक्कों के साथ 175 रन ठोककर आउट हुए। विहान मल्होत्रा के साथ त्रिवेदी ने चौथे विकेट के लिए 51 रन बनाकर 300 पार कराया।
308/5 पर अभिज्ञान कुंडू ने आरएस अंब्रीश के साथ 51 रनों की साझेदारी की। कुंडू 31 गेंदों में 6 चौकों और 1 छक्के के साथ 40 रन बनाए। अंत में कनिष्क चौहान ने 20 गेंदों में नाबाद 37 रन (3 चौके, 1 छक्का) ठोककर भारत को 411/9 तक पहुंचाया।
इंग्लैंड की ओर से जेम्स मिंटो ने 3 विकेट लिए, जबकि सेबेस्टियन मॉर्गन और एलेक्स ग्रीन को 2-2 मिले। अब इंग्लैंड पर दूसरा खिताब जीतने का दबाव है।