
कोलकाता के फुटबॉल जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। मोहन बागान क्लब के पूर्व अध्यक्ष और भारतीय फुटबॉल के प्रमुख प्रशासक स्वप्न साधन बोस उर्फ टूटू बोस का 78 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निधन पर पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
सुवेंदु अधिकारी ने एक्स पर लिखा, ‘मोहन बागान के पूर्व अध्यक्ष, पूर्व सांसद और वरिष्ठ खेल प्रशासक टूटू बोस के निधन से अत्यंत दुख हुआ।’ उन्होंने कहा कि क्लब और टूटू बोस एक-दूसरे के पूरक थे। वर्षों के खेल प्रशासन में उनका अतुलनीय योगदान सदा याद रहेगा। उनका नेतृत्व, दूरदृष्टि और खेल प्रेम भावी पीढ़ियों को प्रेरित करेगा। परिवार, प्रशंसकों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उन्होंने आत्मा की शांति की प्रार्थना की।
मोहन बागान सुपर जायंट ने सोशल मीडिया पर कहा, ‘आपकी विरासत हमेशा हमारे साथ रहेगी। रेस्ट इन पीस, टूटू बोस।’
टूटू बोस राज्यसभा सांसद रह चुके थे। 1989-90 में वे मोहन बागान से जुड़े। उनका अध्यक्ष काल भारतीय क्लब फुटबॉल का सबसे लंबा रहा। फीफा क्लब टास्क फोर्स में उनकी भूमिका से भारतीय फुटबॉल को वैश्विक मंच मिला।
स्वास्थ्य कारणों से 2017 में पद छोड़ा, मई 2022 में पुनः अध्यक्ष बने। उनके नेतृत्व में क्लब राष्ट्रीय टूर्नामेंटों में शीर्ष पर रहा, ब्रांड वैल्यू बढ़ी, प्रशंसक जुड़ाव मजबूत हुआ। अप्रैल 2025 में सभी पदों से सेवानिवृत्त हुए।
भारतीय फुटबॉल के परिवर्तन काल में उनका योगदान ऐतिहासिक है। प्रशंसक उनके नाम को अमर रखेंगे।
