
टी20 वर्ल्ड कप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला 5 मार्च को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारत और इंग्लैंड के बीच होगा। टीम इंडिया ने सुपर-8 में वेस्टइंडीज पर जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया, जबकि इंग्लैंड ने अपने सभी ग्रुप मैच जीत लिए।
सूर्यकुमार यादव के कोच अशोक असवालकर का कहना है कि भारतीय टीम पर अब कोई दबाव नहीं है। उन्होंने कहा, ‘वेस्टइंडीज वाला मैच ज्यादा महत्वपूर्ण था क्योंकि उसमें टिकट दांव पर था। इंग्लैंड के खिलाफ हम खुलकर खेलेंगे और मजा लेंगे।’
घरेलू क्रिकेटर गुरिंदर सिंह का मानना है कि अभिषेक शर्मा, वरुण चक्रवर्ती, सूर्यकुमार और जसप्रीत बुमराह धमाल मचा सकते हैं। साउथ अफ्रीका के खिलाफ हार से टीम ने सीख ली है। पूर्व आईपीएल खिलाड़ी करणवीर सिंह ने कहा कि भारत की मौजूदा टी20 टीम दुनिया की सर्वश्रेष्ठ है और इंग्लैंड को हरा देगी।
टी20 में भारत का इंग्लैंड पर शानदार रिकॉर्ड है—29 में से 17 जीत। 2024 सेमी में 68 रनों से इंग्लैंड को धोया था। सूर्यकुमार की कप्तानी में लगातार दो फाइनल का रिकॉर्ड बनाने का मौका है। यह मुकाबला रोमांच से भरा होगा।