भारत के खेल जगत में एक ऐतिहासिक क्षण आया है जब ओडिशा को 2028 वर्ल्ड एथलेटिक्स इंडोर चैंपियनशिप की मेजबानी का मौका मिला। पूर्व क्रिकेटर शिखर धवन ने इसे देश के वैश्विक खेल पटल पर उभरते कद का प्रतीक बताया है।

अपने एक्स हैंडल पर धवन ने लिखा, ‘भारत लगातार वैश्विक खेल आयोजनों का केंद्र बनता जा रहा है। भुवनेश्वर में 2028 वर्ल्ड इंडोर एथलेटिक्स चैंपियनशिप का आयोजन गर्व का विषय है और यह हमारी ओलंपिक यात्रा व खेल पारिस्थितिकी में महत्वपूर्ण कदम है।’
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने इसे राज्य और राष्ट्र दोनों के लिए गौरवपूर्ण बताया। उन्होंने वर्ल्ड एथलेटिक्स और एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया का आभार जताया कि उन्होंने ओडिशा को इस प्रतिष्ठित चैंपियनशिप का जिम्मा सौंपा।
माझी ने कहा, ‘पिछले दस वर्षों में ओडिशा ने खेलों को विकास की मुख्यधारा में शामिल किया है। यह आयोजन हमारी जीवंत खेल संस्कृति को मजबूत करेगा और देशभर के भावी एथलीटों को प्रेरित करेगा।’
पोलैंड के टोरून में 240वीं वर्ल्ड एथलेटिक्स काउंसिल बैठक में 3-5 मार्च 2028 तक भुवनेश्वर में होने वाले इस इवेंट की मेजबानी भारत को मिली। यह भारत का पहला ग्लोबल ट्रैक एंड फील्ड चैंपियनशिप होगा।
जनवरी में कलिंगा इंडोर स्टेडियम का निरीक्षण करने वाले काउंसिल सदस्य सुविधाओं से संतुष्ट हुए। ओडिशा ट्रैक एंड फील्ड के प्रमुख केंद्रों में शुमार है। 2017 एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप और हालिया कॉन्टिनेंटल टूर जैसे आयोजन इसकी साख बढ़ाते हैं, जिसमें 200 से अधिक विदेशी एथलीट शामिल हुए थे।
यह उपलब्धि ओडिशा को अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों का मजबूत आधार बनाती है।
