
कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में टी20 वर्ल्ड कप 2026 का बड़ा धमाका हुआ। श्रीलंका को जिम्बाब्वे ने 6 विकेट से पटखनी दे दी। 179 रनों का लक्ष्य श्रीलंका के गेंदबाज बचा नहीं पाए। जिम्बाब्वे ने 4 विकेट खोकर 3 गेंद शेष रहते जीत हासिल कर ली।
कप्तान दासुन शनाका ने हार स्वीकारते हुए गेंदबाजों की कमजोरी मानी। उन्होंने कहा, ‘गेंद से प्लान सीधा था – शुरुआती विकेट लेना। लेकिन अच्छी शुरुआत नहीं मिली। नए गेंदबाजों को तालमेल में वक्त लगता है, पर बहाना नहीं बनाऊंगा। हम बेहतर कर सकते थे। मेरे कुछ दांव उल्टे पड़े।’
फिर भी, शनाका ने पथुम निसांका की 41 गेंदों पर 62 रन और पवन रत्नायके की 25 गेंदों पर 44 रनों की पारी की सराहना की। जिम्बाब्वे की ओर ब्रायन बेनेट ने 48 गेंदों पर नाबाद 63 और सिकंदर रजा ने 26 गेंदों पर 45 रन ठोके। दोनों टीमें सुपर-8 में पहुंच चुकी हैं, लेकिन यह हार श्रीलंका के लिए सबक है।