
कोलकाता के ईडन गार्डन्स में गुरुवार को खेले गए रोमांचक मुकाबले में वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज शमार जोसेफ ने इतिहास रच दिया। टी20 वर्ल्ड कप के एक मैच में 4 विकेट लेने के साथ ही 4 कैच लपकने वाले वह पहले खिलाड़ी बन गए। महिलाओं के टूर्नामेंट में भी ऐसा कभी नहीं हुआ।
जोसेफ ने 4 ओवर में 30 रन देकर इटली के कप्तान हैरी मैनेंटी, ग्रांट स्टीवर्ट, थॉमस ड्रेका और अली हसन को अपनी गेंद पर कैच कराया। इसके अलावा मैदान पर उनकी चुस्ती देखते ही बनी जब उन्होंने एंथनी मोस्का, सैयद नकवी, जेजे स्मट्स और जियान मीडे के कैच लपके। इस प्रदर्शन से वेस्टइंडीज ने 42 रन से शानदार जीत दर्ज की।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज ने 6 विकेट पर 165 रन बनाए। कप्तान शाई होप ने 46 गेंदों पर 75 रन ठोके, जिसमें 6 चौके और 4 छक्के शामिल थे। रोस्टन चेज और शेरफेन रदरफोर्ड ने 24-24 रन जोड़े। इटली की ओर से बेन मैनेंटी और क्रिशन कलुगामागे ने दो-दो सफलताएं हासिल कीं।
169 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इटली 18 ओवर में 123 पर सिमट गई। बेन मैनेंटी ने 26, जेजे स्मट्स ने 24 और एंथनी मोस्का ने 19 रन बनाए। वेस्टइंडीज की ओर से मैथ्यू फोर्ड ने 3, गुडाकेश मोती ने 2 और अकील हुसैन ने 1 विकेट लिया।
ग्रुप स्टेज में अपराजित वेस्टइंडीज अब सुपर-8 में जिम्बाब्वे, साउथ अफ्रीका और भारत से भिड़ेगी। इटली ने चार में से तीन हारकर अभियान खत्म किया, सिर्फ नेपाल पर जीत हासिल की।