सात्विक-चिराग ने वर्ल्ड बैडमिंटन चैंपियनशिप में जीता कांस्य पदक
भारत के स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी सात्विक साइराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी ने पेरिस में आयोजित वर्ल्ड बैडमिंटन चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता। मेन्स डबल्स में इस जोड़ी ने भारत का नाम रोशन...


भारत के स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी सात्विक साइराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी ने पेरिस में आयोजित वर्ल्ड बैडमिंटन चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता। मेन्स डबल्स में इस जोड़ी ने भारत का नाम रोशन किया। इससे पहले, सात्विक-चिराग ने 2022 में भी कांस्य पदक हासिल किया था। इस बार, भारतीय जोड़ी से फाइनल में पहुंचने की उम्मीद थी, लेकिन सेमीफाइनल में चीनी जोड़ी ने उन्हें 62 मिनट के मुकाबले में हराकर उनके सपने को तोड़ दिया। सेमीफाइनल में चेन बो यांग और लियू यी की चीनी जोड़ी ने सात्विक-चिराग को 21-19, 18-21, 21-12 से हराया। इस हार के साथ, चीनी जोड़ी ने फाइनल में प्रवेश किया। सेमीफाइनल में सात्विक-चिराग अपनी लय हासिल करने के लिए संघर्ष करते दिखे। सात्विक-चिराग का दुनिया की 11वें नंबर की चीनी जोड़ी से पहली बार मुकाबला हुआ। पहले गेम में दोनों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली, लेकिन चीनी जोड़ी ने पहला गेम जीता। दूसरा गेम भारतीय जोड़ी ने जीता, लेकिन तीसरे गेम में सात्विक-चिराग अपनी लय बरकरार नहीं रख पाए और गेम हार गए। क्वार्टरफाइनल में, भारतीय जोड़ी ने मलेशियाई जोड़ी आरोन चिया और सोह वूई यिक को 21-12, 21-19 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई थी, और मलेशियाई जोड़ी से पेरिस ओलंपिक के क्वार्टरफाइनल और 2022 में वर्ल्ड चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में मिली हार का बदला भी लिया। भारत की स्टार खिलाड़ी पीवी सिंधु का छठा वर्ल्ड बैडमिंटन चैंपियनशिप मेडल जीतने का सपना क्वार्टरफाइनल में टूट गया, जब उन्हें इंडोनेशिया की पुत्री कुसुमा वर्दानी के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा।

