
शनिवार को सुपर-8 के अंतिम मैच में श्रीलंका पर जीत के बावजूद पाकिस्तान टी20 विश्व कप 2026 से बाहर हो गया। इस हार के बाद कप्तान सलमान अली आगा को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कठोर सवालों का सामना करना पड़ा। पत्रकारों ने सीधे कप्तानी पर सवाल ठोंका।
एक रिपोर्टर ने पूछा, ‘क्या आप खुद कप्तानी छोड़ देंगे या पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को आपको हटाना पड़ेगा?’ आगा ने असहज होते हुए जवाब दिया, ‘हमने विश्व कप में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं किया। अभी कोई फैसला भावुकता में होगा। हम लौटकर सोच-विचार करेंगे और उचित कदम उठाएंगे।’
माइक हेसन की भूमिका पर सवाल आया, ‘वे कप्तान बनाते-हटाते हैं, चयन और प्लेइंग इलेवन में भारी प्रभाव रखते हैं। क्या वे आपको कठपुतली बना रहे हैं?’ आगा ने कहा, ‘अगर जवाब न दूं तो आप अपमानित महसूस करेंगे। क्रिकेट टीम गेम है, किसी एक का नहीं बल्कि सबका फैसला होता है।’
आगा का प्रदर्शन निराशाजनक रहा—6 पारियों में 60 रन। कप्तानी के फैसले भी कमजोर पड़े। पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी नाराज हैं और आगा को हटा सकते हैं। बाबर आजम, उस्मान खान, शादाब खान के भविष्य पर भी फैसला संभव।
हेसन युवाओं पर जोर दे रहे हैं, सीनियरों से आगे बढ़ने की सलाह दी है। पाकिस्तानी क्रिकेट में बड़ा परिवर्तन तय है।