
हैदराबाद। हॉकी इंडिया ने एफआईएच हॉकी महिला विश्व कप 2026 क्वालिफायर के लिए 20 सदस्यीय भारतीय महिला टीम का ऐलान किया है। अनुभवी मिडफील्डर सलीमा टेटे को कप्तान बनाया गया है। यह महत्वपूर्ण टूर्नामेंट 8 से 14 मार्च तक तेलंगाना की राजधानी में खेला जाएगा।
मेजबान भारत के अलावा इंग्लैंड, स्कॉटलैंड, कोरिया, इटली, उरुग्वे, वेल्स और ऑस्ट्रिया हिस्सा लेंगे। ये टीमें अगले साल बेल्जियम-नीदरलैंड्स में होने वाले विश्व कप के लिए तीन स्थानों के लिए भिड़ेंगी। पूल ए में इंग्लैंड, कोरिया, इटली और ऑस्ट्रिया, जबकि पूल बी में भारत, स्कॉटलैंड, उरुग्वे और वेल्स हैं।
गोलकीपिंग में बंसरी सोलंकी और बिचू देवी खारिबाम जिम्मेदारी निभाएंगी। डिफेंस में सुशीला चानू, निक्की प्रधान, मनीषा चौहान, उदिता व इशिका चौधरी शामिल। मिडफील्ड में कप्तान सलीमा टेटे के साथ नेहा, सुनीता टोप्पो, साक्षी राणा, वैष्णवी विट्ठल फाल्के, रुतजा पिसल और दीपिका सोरेंग रहेंगी।
आक्रमण में नवनीत कौर, इशिका, लालरेमसियामी, ब्यूटी डुंगडुंग, बलजीत कौर व अन्नू उतरेंगी। नई कोच शोर्ड मारिन ने कहा, ‘हम अपनी पहली संयुक्त टूर्नामेंट का इंतजार कर रहे हैं। फिटनेस व रणनीति पर जोर दिया है। हैदराबाद में दो प्रैक्टिस मैच खेलेंगे।’
भारत 8 मार्च को उरुग्वे से शुरूआत करेगा, फिर 9 व 11 को स्कॉटलैंड व वेल्स से भिड़ेगा। सलीमा टेटे के नेतृत्व में घरेलू मैदान पर विश्व कप टिकट पक्का करने का लक्ष्य है। यह टीम अनुभव व जोश का बेहतरीन मिश्रण है।