
चेन्नई। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में भारत से 72 रन की करारी शिकस्त के बाद जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने अपनी टीम की गेंदबाजी पर सवाल उठाए। एमए चिदंबरम स्टेडियम में भारत ने पहले बल्लेबाजी कर चार विकेट पर 256 रन ठोके। जवाब में जिम्बाब्वे 20 ओवर में छह विकेट खोकर 184 पर सिमट गया।
रजा ने सकारात्मक पहलुओं पर जोर देते हुए कहा, ‘मैं हमेशा अच्छी बातों को देखता हूं। पिछले वेस्टइंडीज मैच में 250 के लक्ष्य का पीछा करते वक्त हमारी बल्लेबाजी में बेचैनी दिखी थी। मैं कहता हूं कि पहले छह ओवरों में मैच नहीं जीता जाता, लेकिन हार जरूर सकते हो। इस बार शुरुआती ओवरों में हमारा संयम काबिलेतारीफ था।’
गेंदबाजी पर उन्होंने कहा, ‘हमारी रक्षात्मक रणनीति को बेहतर तरीके से लागू करना चाहिए था। आक्रामकता हावी हो गई और गेंदबाजों में एकजुटता की कमी रही। इससे भारत को आसानी से रन मिल गए। रन रेट बढ़ने पर उसे रोकना कठिन होता है। बेहतर लाइन-लेंथ से हम उन्हें 210-220 तक रोक सकते थे।’
टीम के प्रदर्शन पर रजा बोले, ‘बल्लेबाजी ठीक रही, लेकिन गेंदबाजी व फील्डिंग में सुधार जरूरी। युवा खिलाड़ी पहला वर्ल्ड कप खेल रहे हैं। पिछली सीख को अपनाया है। लड़के तेजी से सीखना चाहते हैं।’
दो मैच हारने से सेमीफाइनल की दौड़ खत्म। 1 मार्च को दक्षिण अफ्रीका से आखिरी मैच। ‘बेहतर फील्डिंग-गेंदबाजी देखना चाहता हूं। तीनों विभाग मजबूत हों तो जीत संभव। आखिरी मैच में सब कुछ झोंकेंगे।’