
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) में जल्द ही एक बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। खबरों के अनुसार, बीसीसीआई के अध्यक्ष रोजर बिन्नी अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं। इस दौरान बोर्ड के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला को कार्यवाहक अध्यक्ष बनाया गया है। सूत्रों के अनुसार, राजीव शुक्ला की अध्यक्षता में 27 अगस्त को बीसीसीआई के अधिकारियों की बैठक हुई। इस दौरान Dream 11 के हटने के बाद नए प्रायोजन पर चर्चा की गई। रोजर बिन्नी को साल 2022 में सौरभ गांगुली की जगह बोर्ड का अध्यक्ष बनाया गया था। अब रोजर बिन्नी 70 साल के हो चुके हैं। ऐसे में वह जल्द ही अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे सकते हैं। बीसीसीआई के संविधान के अनुसार, किसी भी पदाधिकारी को 70 साल की उम्र के बाद अपना पद छोड़ना पड़ता है। ऐसे में टीम इंडिया के पूर्व खिलाड़ी रोजर बिन्नी पद पर बने रहने के लिए अयोग्य हो जाएंगे। रिपोर्टों के अनुसार राजीव शुक्ला कुछ महीनों के लिए कार्यभार संभालेंगे। वह नए अध्यक्ष चुने जाने तक कार्यवाहक अध्यक्ष के रूप में काम करेंगे। राजीव शुक्ला साल 2020 से बीसीसीआई के उपाध्यक्ष के रूप में काम कर रहे हैं। रोजर बिन्नी साल 1983 में वनडे विश्व कप जीतने वाली टीम के सदस्य रहे हैं। उन्हें टीम इंडिया के पूर्व कप्तान सौरभ गांगुली की जगह साल 2022 में बीसीसीआई का अध्यक्ष बनाया गया था। सौरभ गांगुली साल 2019 से 2022 तक बीसीसीआई के अध्यक्ष रहे थे। बिन्नी बीसीसीआई की कमान संभालने वाले तीसरे पूर्व क्रिकेटर हैं।





