
नूह के क्लासिक गोल्फ एंड कंट्री क्लब में चल रही डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई 72 लीग का रोमांच चरम पर पहुंच गया है। चौथे राउंड के बाद राजस्थान रीगल्स 39 अंकों के साथ शीर्ष पर काबिज है, जबकि यूपी प्रोमेथियंस 35 अंकों से पीछे है। सोमवार को दोनों टीमें 32-32 अंकों से शुरू हुई थीं, लेकिन राजस्थान ने शानदार प्रदर्शन से बढ़त हासिल कर ली।
अब अंतिम लीग मैच में ये दोनों टीमें आमने-सामने होंगी, जो मुकाबले को और रोचक बना देगा। नवा रायपुर और चारमीनार चैंपियंस के 31-31 अंक हैं, जो यूपी से महज चार अंक पीछे हैं। फाइनल में जगह बनाने की इनकी उम्मीदें बरकरार हैं।
राजस्थान के चिकारंगप्पा एस. और ध्रुव श्योरन ने महत्वपूर्ण ड्रॉ हासिल किया। हनी बैसोया ने छह बर्डी व एक ईगल के साथ कप्तान अमरदीप सिंह मलिक के साथ प्रभागरन-मिशेल ओर्टोलानी को 4 और 3 से शिकस्त दी। कप्तान अजीतेश संधू ने सिंगल्स जीता। संधू ने कहा कि अगले मैच में बेहतर खेल जरूरी है।
यूपी को मुंबई एसेस के खिलाफ सिर्फ तीन अंक मिले। कप्तान भट्टाचार्य की लंबी बर्डी पुट ने चमक दिखाई, लेकिन उन्होंने राजस्थान के खिलाफ सुधार की बात कही। नवा रायपुर के अनंत सिंह अहलावत अपराजित हैं। मुंबई 24 और कोलकाता 11 अंकों पर। मंगलवार को अंतिम राउंड के बाद फाइनलिस्ट तय होंगे।