
बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम ने क्रिकेटप्रेमियों के दिलों में एक नया स्थान बना लिया है। कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (केएससीए) ने इस मैदान पर दो स्टैंड्स के नाम रखने का ऐलान किया है- एक पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ के नाम पर और दूसरा अनिल कुंबले के नाम पर। यह निर्णय केएससीए के नए अध्यक्ष वेंकटेश प्रसाद ने लिया, जो दोनों दिग्गजों के साथ भारतीय टीम में खेल चुके हैं।
कार्यक्रम के दौरान द्रविड़ भावुक नजर आए। उन्होंने कहा, ‘करियर की शुरुआत में यह स्टेडियम मेरे लिए घर जैसा था। मैं यहां घर से कहीं ज्यादा वक्त बिताता था। जीत की खुशी और हार का दर्द दोनों यहीं महसूस किए।’ द्रविड़ ने इस मैदान को अपनी पहचान का श्रेय दिया।
बचपन की यादें ताजा करते हुए उन्होंने बताया कि पिता ने उन्हें क्रिकेट से जोड़ा। ‘मेरे पिता खेलों के शौकीन हैं। उन्होंने मुझे कई मैचों में यहां लाया- टेस्ट से लेकर रणजी तक। आज उनके बेटे के नाम पर स्टैंड का नाम होना उन्हें गर्व से भर देगा।’
द्रविड़ ने प्रसाद की टीम को धन्यवाद दिया। कुंबले ने कहा, ‘कर्नाटक क्रिकेट ने हमें बनाया, हमने इसे। सभी योगदानों को मान्यता मिलना महत्वपूर्ण है। ये नाम स्टेडियम में हमेशा रहेंगे।’
द्रविड़ टेस्ट-वनडे में तेंदुलकर के बाद दूसरे भारतीय हैं जिन्होंने 10,000 रन बनाए। उनकी कोचिंग में भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 जीता। कुंबले भारत के सबसे सफल गेंदबाज हैं। यह सम्मान उनके योगदान को अमर कर देगा।