
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में मंगलवार को नेपाल ने स्कॉटलैंड को 7 विकेट से हराकर टी20 विश्व कप में 2014 के बाद पहली जीत हासिल की। यह जीत कप्तान रोहित पौडेल के लिए बेहद खास साबित हुई, जो उनके दूसरे विश्व कप में पहली लीग स्टेज की जीत है।
स्कॉटलैंड ने 20 ओवरों में 7 विकेट गंवाकर 170 रन बनाए। नेपाल ने 19.2 ओवरों में लक्ष्य हासिल कर लिया। पौडेल ने दीपेंद्र की पारी की जमकर तारीफ की और कहा कि यह मैच टीम के लिए टर्निंग पॉइंट साबित हुआ।
“यह जीत मेरे लिए बहुत मायने रखती है। बतौर कप्तान यह मेरा दूसरा वर्ल्ड कप है और लीग में पहली जीत मिलना शानदार है। टीम के तौर पर भी यह मुकाबला बेहद जरूरी था,” उन्होंने कहा। नेपाली प्रशंसकों को धन्यवाद देते हुए पौडेल ने बताया कि इंग्लैंड के खिलाफ हार के बावजूद वे स्टेडियम भर आए।
इंग्लैंड मैच से सीखे गए सबक पर जोर देते हुए कप्तान ने कहा कि दबाव में शांत रहना कितना महत्वपूर्ण है। गेंदबाजों और बल्लेबाजों पर अंतिम ओवरों में दबाव रहता है, लेकिन संयम से मौके का फायदा उठाया जा सकता है।
स्कॉटलैंड व इंग्लैंड के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन रहा, लेकिन इटली व वेस्टइंडीज से हार निराशाजनक रही। फिर भी व्यक्तिगत स्तर पर संतुष्टि है, हालांकि सुपर-8 का लक्ष्य अधूरा रहा। यह जीत नेपाल क्रिकेट के भविष्य को नई उम्मीद देती है।