
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टी20 वर्ल्ड कप 2026 का धमाकेदार आगाज हुआ। साउथ अफ्रीका ने कनाडा को 57 रनों से करारी शिकस्त देकर अपना अभियान जीत के साथ शुरू किया। कप्तान एडेन मार्करम का तूफानी अर्धशतक इस मुकाबले की जान रहा।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी साउथ अफ्रीकी टीम ने चार विकेट पर 213 रन ठोके। क्विंटन डी कॉक और मार्करम की सलामी जोड़ी ने 6.5 ओवर में 70 रनों की साझेदारी बुनी। डी कॉक 22 गेंदों पर 25 रन (2 चौके) बनाकर लौटे।
फिर रयान रिकेल्टन ने मार्करम संग 28 गेंदों में 56 रन जोड़े। मार्करम ने 10 चौकों व एक छक्के की सहायता से 59 रन ठोके। रिकेल्टन ने 21 गेंदों में 33 रन बनाए। 138/4 पर संकट में ट्रिस्टन स्टब्स (34*) व डेविड मिलर (39*) ने 37 गेंदों में 75 रन बटोरे।
कनाडा के अंश पटेल ने तीन विकेट लिए। जवाब में कनाडा पहली गेंद पर कप्तान दिलप्रीत बाजवा (0) खो चुका था। नवनीत धालीवाल ने 49 गेंदों पर 64 रन (7 चौके, 1 छक्का) बनाए, हर्ष ठाकर संग 69 रनों की साझेदारी की, लेकिन टीम 156/8 पर सिमट गई।
लुंगी नगिडी ने चार विकेट झटके, मार्को जानसेन को दो मिले। साउथ अफ्रीका की शानदार शुरुआत से टूर्नामेंट में हलचल मच गई है।