
कोलकाता में टी20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका के मार्को जानसेन ने न्यूजीलैंड के खिलाफ कमाल कर दिखाया। सातवें नंबर पर उतरकर उन्होंने 30 गेंदों में 5 छक्कों और 2 चौकों की मदद से नाबाद 55 रन ठोके। इस धमाकेदार पारी से जानसेन टी20 वर्ल्ड कप के नॉकआउट मुकाबले में नंबर-7 या उससे नीचे बल्लेबाजी कर अर्धशतक जड़ने वाले पहले साउथ अफ्रीकी बल्लेबाज बन गए।
विश्व स्तर पर भी वे दूसरे खिलाड़ी हैं। उनसे पहले ऑस्ट्रेलिया के माइकल हसी ने 2010 सेमीफाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ 24 गेंदों पर नाबाद 60 रन बनाए थे। जानसेन ने ट्रिस्टन स्टब्स के साथ छठे विकेट के लिए 47 गेंदों में 73 रन जोड़े, जिससे साउथ अफ्रीका ने 8 विकेट पर 169 रन बनाए।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी साउथ अफ्रीकी टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। दूसरे ओवर में ही दो विकेट गिरे। एडेन मार्करम (18) और देवाल्ड ब्रेविस (34) ने तीसरे विकेट के लिए 43 रन जोड़े, लेकिन उसके बाद मध्यक्रम लड़खड़ा गया। 10.2 ओवर में 5 विकेट खोकर महज 77 रन ही बना पाए।
जानसेन की अगुआई में टीम ने संभलते हुए चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। न्यूजीलैंड की ओर से मैट हेनरी, कोल मैककोन्ची और रचिन रविंद्र ने दो-दो विकेट लिए। लॉकी फर्ग्यूसन और जेम्स नीशम को एक-एक सफलता मिली। यह रिकॉर्ड साउथ अफ्रीका के लिए प्रेरणा बनेगा।