
ब्रिस्बेन। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में भारतीय महिला टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी, लेकिन 48.3 ओवरों में केवल 214 रन बनाकर आउट हो गई। टी20 सीरीज 2-1 से जीतने के बाद वनडे में भी दबदबा कायम रखने उतरी टीम इंडिया को शुरुआत में करारा झटका लगा।
एलन बॉर्डर फील्ड पर मैच की दूसरी गेंद पर ही प्रतीक रावल शून्य पर आउट हो गईं। स्मृति मंधाना ने शेफाली वर्मा के साथ 25 रनों की साझेदारी की, लेकिन शेफाली मात्र 17 गेंदों में 4 रन बनाकर लौट गईं। मंधाना ने जेमिमा रोड्रिगेज (8) संग 27 रन जोड़कर स्कोर 50 के पार पहुंचाया।
फिर कप्तान हरमनप्रीत कौर के साथ मंधाना ने 72 गेंदों में 48 रनों की साझेदारी कर भारत का शतक पूरा किया। मंधाना 68 गेंदों पर 7 चौकों की मदद से 58 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। कौर ने 84 गेंदों में 3 चौकों के साथ 53 रन ठोके।
हरमनप्रीत ने ऋचा घोष (23 रन, 38 गेंद, 2 चौका) के साथ 37 और काश्वी गौतम (43 रन, 44 गेंद) संग 53 रनों की साझेदारी कर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। ऑस्ट्रेलिया की ओर एश्ले गार्डनर ने 33 रन देकर 3 विकेट लिए। मेगन शट्ट को 2 सफलताएं मिलीं।
भारत की टीम: स्मृति मंधाना, प्रतीक रावल, शेफाली वर्मा, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), जेमिमा रोड्रिगेज, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, काश्वी गौतम, श्री चरणी, क्रांति गौड़, रेणुका सिंह। ऑस्ट्रेलिया: एलिसा हीली (कप्तान), फोएबे लिचफील्ड, जॉर्जिया वोल, बेथ मूनी, एनाबेल सदरलैंड, एश्ले गार्डनर, ताहलिया मैकग्राथ, सोफी मोलिनेक्स, अलाना किंग, मेगन शट्ट, डार्सी ब्राउन। अब ऑस्ट्रेलिया की बल्लेबाजी पर नजरें।