
ब्रिस्बेन। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले वनडे में भारतीय महिला टीम को छह विकेट से करारी शिकस्त मिली। 215 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए मेजबान टीम ने 38.2 ओवरों में चार विकेट गंवाकर जीत हासिल कर ली।
कार्यवाहक कप्तान स्मृति मंधाना ने हार का ठीकरा बल्लेबाजों के खराब प्रदर्शन और अप्रत्याशित पिच पर फोड़ा। हरमनप्रीत कौर की जगह कप्तानी संभालते हुए उन्होंने कहा, ‘शुरुआत में दो विकेट जल्दी गिरे, जिससे मुश्किल हुई। हमने वापसी की कोशिश की, लेकिन विकेट जैसा सोचा था वैसा नहीं रहा।’
हरमनप्रीत को बल्लेबाजी के दौरान बाएं घुटने में चोट लगी, जिस कारण वह दूसरी पारी में नहीं लौटीं। मंधाना ने उनकी हालत पर कहा कि अभी उन्हें नहीं देखा, लेकिन जल्द रिकवर होने की उम्मीद है।
टीम में बदलाव की अटकलों को खारिज करते हुए मंधाना बोलीं, ‘हम अच्छा खेल रहे हैं, एक हार से अंतिम एकादश बदलना उचित नहीं।’
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत 214 पर सिमटा। मंधाना ने 58, हरमनप्रीत ने 84 गेंदों पर 53, काश्वी गौतम ने 43 और ऋचा घोष ने 23 रन बनाए।
जवाब में बेथ मूनी ने 79 गेंदों में 76 और एलिसा हीली ने 70 गेंदों पर 50 रनों की पारियां खेलीं।
मंधाना ने बल्लेबाजी इकाई को एकजुट होने की सलाह दी। ‘ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों के खिलाफ हमें मजबूत स्कोर खड़ा करना होगा।’