
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 24वें मैच में साउथ अफ्रीका ने न्यूजीलैंड को 7 विकेट से करारी शिकस्त दी। टूर्नामेंट में लगातार तीसरी जीत हासिल कर प्रोटियाज ग्रुप-डी की टेबल में शीर्ष पर काबिज हो गए हैं।
पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड 20 ओवरों में 7 विकेट खोकर 175 रन बना सका। साउथ अफ्रीका के लंबे कद के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मार्को जानसेन ने 4 ओवरों में 40 रन देकर 4 विकेट चटकाए। मध्य और अंतिम ओवरों में उनकी घातक गेंदबाजी ने कीवी बल्लेबाजों की सांसें रोक दीं।
कप्तान एडेन मार्करम ने मैच के बाद जानसेन की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, ‘उनका बायां हाथ का एंगल अनोखा है। लंबाई के कारण वे विविधतापूर्ण गेंदें डालते हैं। यह हमारी टीम की ताकत है। आज चार विकेट लेकर उन्होंने महत्वपूर्ण साझेदारियां तोड़ीं, जो मैच का टर्निंग पॉइंट साबित हुईं।’
लक्ष्य का पीछा करते हुए मार्करम ने 44 गेंदों पर नाबाद 86 रन ठोके, जिसमें 8 चौके और 4 छक्के शामिल थे। साउथ अफ्रीका ने 17.1 ओवरों में ही जीत हासिल कर ली। मार्करम ने कहा, ‘टॉस हमारे पक्ष में रहा। दूसरी पारी में पिच बल्लेबाजी के लिए आसान हो गई थी, फिर भी गेंदबाजों ने शानदार प्रयास किया। हमारी योजनाएं विरोधी ओपनरों के खिलाफ सटीक रहीं।’
अपनी पारी पर बात करते हुए उन्होंने जोड़ा, ‘यह अच्छी पारी रही। मेरा लक्ष्य टीम को मजबूत शुरुआत देना है। हमारी बैटिंग लाइनअप अनुभवी और पावरफुल है। पावरप्ले में आक्रमकता जरूरी है, भले ही हर बार सफलता न मिले।’
यह जीत साउथ अफ्रीका के आत्मविश्वास को और मजबूत करती है। जानसेन का उभरना टीम के लिए वरदान साबित हो रहा है।