
कोलंबो। टी20 विश्व कप में आयरलैंड के कप्तान पॉल स्टर्लिंग को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच में दाहिने घुटने में चोट लग गई। क्षेत्ररक्षण के दौरान कैच लेने के प्रयास में घायल हुए स्टर्लिंग बल्लेबाजी भी नहीं कर सके। टीम को उनकी चोट की गंभीरता जानने के लिए स्कैन रिपोर्ट का इंतजार है।
बल्लेबाजी कोच गैरी विल्सन ने बताया कि मैच के बाद स्टर्लिंग को तुरंत स्कैन के लिए भेजा गया। उन्होंने कहा, ‘यह अच्छा नहीं लग रहा। पुष्टि का इंतजार है।’ रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा कि कप्तान बाकी मैच खेल पाएंगे या नहीं।
ऑस्ट्रेलिया ने 183 रन का लक्ष्य दिया था, लेकिन आयरलैंड 16.5 ओवर में 115 पर सिमट गया। विल्सन ने टीम की हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने कहा कि सुपर एट्स की दौड़ में बने रहने की उम्मीद है। पहले दो मैचों में सकारात्मक प्रदर्शन हुआ। श्रीलंका के खिलाफ 65-70 फीसदी तक आयरलैंड बेहतर था। ड्रेसिंग रूम में प्रतिभा की कमी नहीं। कोचिंग स्टाफ का पूरा भरोसा है। ग्रुप की मजबूत टीमों से पहले ही भिड़ चुके हैं। ओमान और जिम्बाब्वे के खिलाफ बचे मैच निर्णायक होंगे।
अगला मुकाबला शनिवार को ओमान से। स्टर्लिंग की चोट टीम के लिए बड़ा झटका साबित हो सकती है, लेकिन विल्सन का मानना है कि बाकी खिलाड़ी कमाल दिखाएंगे।