
तुर्की के अंताल्या में अपनी तैयारियों को मजबूत करते हुए भारतीय सीनियर महिला फुटबॉल टीम ब्लू टाइग्रेस ने बुधवार को रूसी टीम ज्वेज्दा-2005 पर्म को 2-0 से शिकस्त दी। सेरिक के एसएंडबी स्पोर्ट्स फुटबॉल कॉम्प्लेक्स में खेले गए इस फ्रेंडली मुकाबले में अंजू तमांग ने नौवें मिनट में पहला गोल दागा।
मैच के अंतिम क्षणों में लिंडा कोम सेर्टो ने 89वें मिनट में शानदार गोल करते हुए जीत पक्की की। एएफसी महिला एशियाई कप ऑस्ट्रेलिया 2026 की तैयारी के तहत यह उनका पांचवां फ्रेंडली मैच था।
इससे पहले जर्मन टीम हेर्था बीएससी फ्राउएन के खिलाफ 1-0 की जीत हासिल की गई, जिसमें ग्रेस डांगमेई ने 37वें मिनट में गोल किया। स्पार्टक मॉस्को के साथ 0-0 का ड्रॉ भी खेला। तुर्की में अब तक तीन फ्रेंडली जीत दर्ज हो चुकी हैं।
7 फरवरी को रोमानिया की एफएफके सिक्सजेरेडा मिरक्यूरिया सियुक से आखिरी मैच होगा, उसके बाद 10 फरवरी को ऑस्ट्रेलिया रवाना होंगी। ग्रुप-सी में 4 मार्च को वियतनाम, 7 मार्च को जापान और 10 मार्च को चीनी ताइपे से भिड़ंत होगी।
ब्लू टाइग्रेस का यह प्रदर्शन उनकी बढ़ती ताकत को दर्शाता है। ट्रेनिंग कैंप से टीम मजबूत हो रही है और एशियाई कप में बड़ा धमाल मचाने को तैयार है।