
नई दिल्ली। ईरान-इजरायल संघर्ष के कारण हवाई यात्रा ठप हो गई है और भारतीय महिला कुश्ती टीम अल्बानिया के तिराना में फंस गई है। लेकिन रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (डब्ल्यूएफआई) और भारत सरकार की तत्परता से टीम एयरपोर्ट के पास होटल में सुरक्षित ठहर रही है।
ईरान के जवाबी हमलों के बाद यूएई, कतर, कुवैत, बहरीन और जॉर्डन ने हवाई क्षेत्र बंद कर दिए। मुहम्मद मालो 2026 टूर्नामेंट समाप्त होने के बाद 16 महिला पहलवानों की फ्लाइट कैंसिल हो गई।
पुरुष फ्रीस्टाइल टीम पहले ही लौट चुकी, लेकिन महिलाओं को इंतजार करना पड़ रहा। कोच मंजीत ने कहा, ‘यहां कोई परेशानी नहीं। डब्ल्यूएफआई और सरकार का शुक्रिया।’
मुख्य कोच वीरेंद्र सिंह बोले, ‘फ्लाइट रद्द होने पर मंत्रालय और फेडरेशन ने संपर्क किया। हमें भरोसा है कि हालात सुधरने तक सब ठीक रहेगा।’
भारत ने 48 सदस्यीय दल भेजा था। सुजीत कलकल ने 65 किग्रा फ्रीस्टाइल में स्वर्ण जीता। कुल एक स्वर्ण, तीन रजत, तीन कांस्य के साथ शानदार प्रदर्शन।