
मुंबई। ईरान पर अमेरिका-इजरायल के हमलों से पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव ने मुंबई हवाई अड्डे पर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को बुरी तरह प्रभावित किया है। कई फ्लाइट्स रद्द होने से सैकड़ों यात्री फंस गए हैं, जिनमें यूरोपीय आइस हॉकी चैंपियनशिप में भाग लेने जा रही भारतीय राष्ट्रीय टीम भी शामिल है।
टीम जर्मनी रवाना होने वाली थी, लेकिन अचानक फ्लाइट कैंसिल होने से खिलाड़ी बेहद निराश हैं। कर्नाटक के एक खिलाड़ी ने बताया, ‘हम भारतीय टीम हैं, जो यूरोपीय चैंपियनशिप के लिए जा रहे थे। युद्ध की स्थिति के कारण फ्लाइट रद्द हो गई। लंबे इंतजार के बाद यह मौका हाथ से निकल गया, बहुत दुख हो रहा है।’
परिवारजन बता रहे हैं कि टीम ने करीब दो साल से कड़ी मेहनत की थी। एक खिलाड़ी की मां ने कहा, ‘मेरा बेटा और उसके साथी आइस हॉकी में भारत का प्रतिनिधित्व करने जर्मनी जा रहे थे। दो साल से रात 11 बजे तक प्रैक्टिस कर रहे थे, तिरंगा लहराने के सपने देख रहे थे। फ्लाइट कैंसिल होने से बच्चे, माता-पिता और कोच सब टूट गए हैं।’
हवाई अड्डा प्रबंधन एयरलाइंस के साथ समन्वय तेज कर रहा है, जबकि यात्रियों को रीशेड्यूलिंग के विकल्प बता रही हैं। लेकिन क्षेत्रीय तनाव से वैश्विक हवाई मार्ग प्रभावित होने से यात्रा योजनाएं अनिश्चित हैं। यह घटना दिखाती है कि कैसे भू-राजनीतिक संकट आम जीवन को हिला देते हैं।