
भारतीय एमेच्योर बॉक्सिंग फेडरेशन (आईएबीएफ) के लिए ऐतिहासिक दिन आ गया है। इंटरनेशनल बॉक्सिंग एसोसिएशन (आईबीए) ने इसे अपनी पूर्ण सदस्यता प्रदान कर दी है। यह निर्णय 6 फरवरी 2026 को आईबीए बोर्ड की बैठक में लिया गया।
स्विट्जरलैंड के लॉजेन से 9 फरवरी को जारी आधिकारिक पत्र में इसकी पुष्टि हुई। आईबीए अध्यक्ष उमर क्रेमलेव ने आईएबीएफ प्रमुख राकेश मिश्रा को पत्र लिखकर फेडरेशन की मुक्केबाजी के प्रति निष्ठा, पारदर्शी शासन और वैश्विक मानकों का पालन करने की सराहना की।
क्रेमलेव ने कहा, ‘आईएबीएफ को पूर्ण सदस्यता मिलने पर हार्दिक बधाई। आपकी प्रतिबद्धता ने आपको आईबीए परिवार में महत्वपूर्ण स्थान दिलाया है। हम आपके सहयोग से वैश्विक मुक्केबाजी के विकास को नई गति देंगे।’
पूर्ण सदस्यता से आईएबीएफ को आईबीए के अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में भागीदारी का मौका मिलेगा। मिश्रा ने इसे भारतीय बॉक्सिंग के लिए मील का पत्थर बताया, जो सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षण और एक्सपोजर प्रदान करेगा।
सचिव राकेश ठाकरान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ओलंपिक विजन से जोड़ा। उन्होंने जमीनी स्तर पर प्रतिभा खोज और ओलंपिक तैयारी पर जोर दिया। युवा मामलों के मंत्री मनसुख मंडाविया के मार्गदर्शन में भारतीय मुक्केबाजों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित होगा।