
बैंकॉक में चल रहे वर्ल्ड बॉक्सिंग फ्यूचर्स कप-2026 में भारतीय युवा मुक्केबाजों ने क्वार्टरफाइनल में धमाल मचा दिया। शुक्रवार को गुंजन, जॉयश्री देवी, अंबेकर मीतेई, चंद्रिका पुजारी और राधामणि लोंगजाम ने शानदार प्रदर्शन कर सेमीफाइनल का टिकट कटाया और भारत के लिए कम से कम पांच मेडल पक्के कर दिए।
दिन की शुरुआत गुंजन (48 किलो) ने की, जिन्होंने अजरबैजान की गुलार हुसेनोवा को 5-0 से हराया। जॉयश्री देवी (54 किलो) ने जापान की यूरा कानेमारू को पहले राउंड में ही आरएससी से धूल चटा दी। पुरुष वर्ग में अंबेकर मीतेई (50 किलो) ने जापान के अकीरा उएकुबो पर 4-1 की जीत दर्ज की।
चंद्रिका पुजारी (51 किलो) ने स्पेन की एंड्रिया बुएल्गा गार्सिया को दूसरे राउंड में आरएससी से बाहर किया, तो राधामणि लोंगजाम (57 किलो) ने इंग्लैंड की सिओभान हेली को 4-1 से मात दी। साहिल दुहान (60 किलो) फ्रांस के डेविड हारुत्युन्यान से 1-4 से हार गए।
गुरुवार को भी गुंजन, राधामणि और चंद्रिका ने जीत हासिल की थी। 8 से 15 मार्च तक चलने वाला यह टूर्नामेंट युवा ओलंपिक वेट कैटेगरी के होनहारों का मंच है। भारतीय दल अब स्वर्ण पदकों पर निशाना साधेगा।