
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में गुरुवार को टी20 विश्व कप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला भारत और इंग्लैंड के बीच खेला जाएगा। शाम 7 बजे शुरू होने वाले इस रोमांचक मैच को लेकर राजकोट के क्रिकेट प्रेमी बेहद उत्साहित हैं। उनका मानना है कि मजबूत भारतीय टीम इंग्लैंड को हराकर न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल में खेलेगी और खिताब पर कब्जा जमाएगी।
सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन के अंडर-14 टीम कोच यश ठक्कर ने कहा, ‘इंग्लैंड के मुकाबले भारत का पलड़ा भारी है। संजू सैमसन की वेस्टइंडीज के खिलाफ धमाकेदार पारी ने साबित कर दिया कि हमारी पूरी बल्लेबाजी लाइनअप फॉर्म में है। वानखेड़े में इंग्लैंड के खिलाफ अभिषेक शर्मा का शतक याद है? वह सेमीफाइनल में बड़ा धमाल मचा सकते हैं। गेंदबाजी भी कमाल की है, इसलिए जीत हमारी होगी।’
युवा खिलाड़ी रूद्र ने भारत की शानदार वापसी का जिक्र किया। सुपर-8 में दक्षिण अफ्रीका से हार के बाद जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज पर जीत हासिल कर टीम ने सेमीफाइनल में जगह बनाई। ‘हमारे बल्लेबाज-गेंदबाज शानदार फॉर्म में हैं। इंग्लैंड मजबूत है, लेकिन वानखेड़े का दर्शक समर्थन भारत को जिताएगा। फाइनल में न्यूजीलैंड को धूल चटा देंगे।’
धैर्य ठक्कर ने बल्लेबाजी की ताकत बताई। ईशान किशन, संजू सैमसन, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या फॉर्म में हैं। सूर्यकुमार यादव व शिवम दुबे का घरेलू मैदान है। जसप्रीत बुमराह व वरुण चक्रवर्ती से गेंदबाजी अटल। सेमीफाइनल की जीतकर फाइनल में 8 मार्च अहमदाबाद में न्यूजीलैंड का सामना करेंगे।
राजकोट की यह भविष्यवाणी पूरे देश में जोश भर रही है।