
अरुण जेटली स्टेडियम में नामीबिया के खिलाफ खेले गए रोमांचक मुकाबले में टीम इंडिया ने 9 विकेट गंवाकर 209 रन ठोके। इसी के साथ टी20 क्रिकेट में भारत ने रिकॉर्ड 47वीं बार 200 रनों का आंकड़ा पार किया। यह उपलब्धि टीम इंडिया को इस फॉर्मेट में बेजोड़ बनाती है।
दक्षिण अफ्रीका 29 बार, न्यूजीलैंड 28 बार, जबकि ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज 25-25 बार ही इस मुकाम तक पहुंचे हैं। टी20 वर्ल्ड कप 2024 के बाद भारत ने 14 बार यह कमाल किया, जो किसी अन्य टीम से दोगुना से अधिक है।
209/9 का यह स्कोर टी20 वर्ल्ड कप में भारत का तीसरा सबसे ऊंचा स्कोर है। 2007 में इंग्लैंड के खिलाफ 218/4 और 2021 में अफगानिस्तान के विरुद्ध 210/2 के बाद यह तीसरा स्थान है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने धमाकेदार शुरुआत की।
ईशान किशन और तिलक वर्मा ने दूसरे विकेट के लिए 31 गेंदों पर 79 रनों की साझेदारी की। किशन ने 24 गेंदों में 5 छक्के और 6 चौके जड़कर 61 रन बनाए। तिलक ने 25 रन जोड़े। उसके बाद हार्दिक पंड्या (52) ने शिवम दुबे (23) संग 39 गेंदों में 81 रनों की साझेदारी कर टीम को 200 पार पहुंचाया। 205 के स्कोर पर पंड्या आउट हुए तो विकेट गिरने की झड़ी लग गई।
नामीबिया की ओर से कप्तान गेरहार्ड इरासमस ने 20 रन देकर 4 विकेट लिए। बेन शिकोंगो, जेजे स्मट्स और बर्नार्ड शोल्ट्ज को एक-एक सफलता मिली। भारत की बल्लेबाजी ने एक बार फिर टी20 में उनकी बादशाहत साबित की।