
कोलकाता में रविवार को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराकर भारत ने सेमीफाइनल में जगह बना ली। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने इसे ‘करो या मरो’ वाला मैच करार देते हुए खिलाड़ियों के जज्बे की जमकर सराहना की।
जीत के बाद सूर्या ने कहा, ‘सेमीफाइनल में पहुंचना बेहतरीन अहसास है। यह करो या मरो का मुकाबला था, जिसमें लड़कों ने गजब का जज्बा दिखाया।’ उनकी यह टिप्पणी पूरे मैच की तीव्रता को बयां करती है।
संजू सैमसन ने नामीबिया के खिलाफ 22 और जिम्बाब्वे के विरुद्ध 24 रन ही बना पाए थे, लेकिन वेस्टइंडीज के खिलाफ उन्होंने 50 गेंदों पर नाबाद 97 रन ठोके। 4 छक्के और 12 चौके लगाते हुए उन्होंने भारत को जीत की मंजिल तक पहुंचाया।
सूर्यकुमार ने संजू की पारी पर कहा, ‘मैं हमेशा कहता हूं कि अच्छे लोगों को अच्छी चीजें मिलती हैं जो धैर्य रखते हैं। मौके न मिलने पर भी संजू ने पर्दे के पीछे कड़ी मेहनत की, जो सही वक्त पर रंग लाई।’
पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज ने 4 विकेट पर 195 रन बनाए। भारत ने 41 रन पर 2 विकेट गंवाने के बावजूद लक्ष्य हासिल कर लिया। सूर्या ने गेंदबाजी पर कहा, ‘सभी गेंदबाजों ने योजना के अनुसार गेंदबाजी की। ओस के कारण 200 का पीछा संभव था, और छोटी साझेदारियों ने जीत दिलाई।’
दबाव को संभालने पर कप्तान बोले, ‘उम्मीदें तो रहेंगी, लेकिन मैदान पर साहस जरूरी है। दबाव में सकारात्मक फैसले लेना सीखना चाहिए। बिना दबाव के जीत का मजा कहां?’
सेमीफाइनल में पहुंचकर टीम आत्मविश्वास से लबालब है। पहले मैच की तरह प्रदर्शन से वे इस जगह के हकदार साबित हुए। यह जीत भारत को चैंपियनशिप की दौड़ में मजबूत बनाती है।