
ढाका के शेर-ए-बांग्ला स्टेडियम में पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच दूसरे वनडे में एक दर्दनाक हादसा हो गया। पाकिस्तान के स्टार ऑलराउंडर हुसैन तलत फील्डिंग के दौरान बुरी तरह चोटिल हो गए। उनके बाएं कंधे में गंभीर चोट लगने से उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाना पड़ा।
यह हादसा बांग्लादेश की पारी के छठे ओवर में हुआ। लिटन दास ने मोहम्मद वसीम की गेंद को ऑफ साइड पर जोरदार शॉट मारा। तलत बाउंड्री बचाने के लिए कवर से दौड़े। गेंद को वापस फेंकते समय उनका पैर बाउंड्री के फोम पर फिसला और वे विज्ञापन बोर्ड से टकरा गए। जमीन पर कंधे के बल गिरने से वे दर्द से कराह उठे।
टीम के मेडिकल स्टाफ ने फौरन मदद की। स्ट्रेचर पर उन्हें एंबुलेंस तक ले जाया गया। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने बयान जारी कर कहा कि शुरुआती जांच के बाद उन्हें विस्तृत मेडिकल टेस्ट के लिए भेजा गया है। चोट की पूरी जानकारी डॉक्टरों के परीक्षण के बाद मिलेगी।
पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान 274 रन पर ऑलआउट हो गया। माज सदाकत ने 46 गेंदों पर 75 रन ठोके। सलमान आगा 62 गेंदों में 64 और रिजवान 59 गेंदों पर 44 रन बनाए। बांग्लादेश के रिशाद हुसैन ने 3 विकेट लिए। तलत बल्ले से 13 गेंदों में मात्र 9 रन बना सके।
यह घटना पूरे मैच पर साया डाल गई। तलत के जल्द स्वस्थ होने की कामना की जा रही है।