
अहमदाबाद का नरेंद्र मोदी स्टेडियम गुरुवार को टी20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 चरण में दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज के बीच रोमांचक मुकाबले का गवाह बनेगा। दोनों टीमें जीत के जरिए सेमीफाइनल में जगह पक्का करना चाहेंगी। सुपर-8 के पहले मैच में दक्षिण अफ्रीका ने भारत को मात दी थी, वहीं वेस्टइंडीज ने जिम्बाब्वे को धूल चटाई।
इस मुकाबले में वेस्टइंडीज के धाकड़ बल्लेबाज शिमरोन हेटमायर पर सबकी निगाहें टिकी होंगी। वे एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड स्थापित करने की दहलीज पर हैं। पूरे टूर्नामेंट में हेटमायर का प्रदर्शन लाजवाब रहा है। उनकी विस्फोटक पारी ने टीम को कई मौकों पर संभाला।
जिम्बाब्वे के खिलाफ उन्होंने 34 गेंदों पर 85 रन ठोके, जिसमें सात छक्के और सात चौके शामिल थे। इस विश्व कप में पांच पारियों में 17 छक्के जड़ चुके हेटमायर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ एक और छक्का लगाते ही एक एडिशन में सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड कायम कर लेंगे।
फिलहाल वे निकोलस पूरन के साथ शीर्ष पर हैं, जिन्होंने 2024 में 17 छक्के लगाए। उसके बाद क्रिस गेल के 16 (2012) और गुरबाज के 16 हैं। 29 वर्षीय हेटमायर ने पांच पारियों में 219 रन बनाए हैं—54.75 की औसत और 185.59 की स्ट्राइक रेट से, जिसमें दो अर्धशतक हैं।
टी20 के धुरंधर हेटमायर हर बड़ी लीग में छाए रहते हैं। वेस्टइंडीज के लिए 70 पारियों में 1564 रन, नौ अर्धशतक और 97 छक्के। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन छक्के लगे तो वे वेस्टइंडीज के पांचवें बल्लेबाज बनेंगे, जिन्होंने टी20 में 100 छक्के पूरे किए। स्टेडियम में फैंस उनके विस्फोट का इंतजार कर रहे हैं।