
पल्लेकेले में खेले गए रोमांचक मुकाबले में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 2 विकेट से मात देकर टी20 विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल में प्रवेश किया। इस जीत के नायक कप्तान हैरी ब्रूक बने, जिन्होंने टूर्नामेंट इतिहास रच दिया। वे पहले कप्तान बन गए जिन्होंने टी20 विश्व कप में शतक जड़ा।
पहली गेंद पर फिल साल्ट के आउट होने के बाद नंबर तीन पर उतरे ब्रूक ने धमाकेदार पारी खेली। 51 गेंदों पर 100 रन ठोकते हुए उन्होंने 10 चौके और 4 छक्के जड़े। 196 के स्ट्राइक रेट से खेली गई यह पारी उनके टी20 करियर का पहला इंटरनेशनल शतक था। ब्रूक ने क्रिस गेल के 2010 में भारत के खिलाफ 98 रनों का कप्तानी रिकॉर्ड तोड़ दिया।
साल्ट और बटलर के सस्ते में आउट होने के बावजूद ब्रूक ने एक छोर पक्का रखा। सैम करन के साथ 45 रन और विल जैक्स संग अर्धशतकीय साझेदारी की।
इससे पहले पाकिस्तान ने साहिबजादा फरहान की 63 रनों की उपयोगी पारी पर 164/9 बनाए। फरहान ने 7 चौके, 2 छक्के लगाए, लेकिन बाबर आजम (25), फखर जमान (25) और शादाब खान (23) साथ न दे सके।
इंग्लैंड की गेंदबाजी में लियाम डॉसन ने 3/24 लिया, आर्चर व ओवरटन को दो-दो सफलता। ब्रूक की कप्तानी और बल्लेबाजी ने इंग्लैंड को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।