
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रविवार को भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 विश्व कप 2026 का रोमांचक फाइनल होने वाला है। इस खिताबी जंग से पहले पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने भारतीय टीम के लिए बड़ा सुझाव दिया है। उन्होंने सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा की खराब फॉर्म को देखते हुए उन्हें प्लेइंग इलेवन से बाहर करने की बात कही है।
गावस्कर का मानना है कि अभिषेक अपनी कमियों से सबक नहीं ले पा रहे। गेंदबाज बार-बार एक ही जगह गेंद डालकर उन्हें परेशान कर रहे हैं, लेकिन वह रणनीति बदलने में नाकाम साबित हो रहे। टूर्नामेंट में सात मैचों में सिर्फ 89 रन बनाने वाले अभिषेक का औसत 12.71 रहा है। जिम्बाब्वे के खिलाफ 30 गेंदों पर 55 रन ही उनका एकमात्र उल्लेखनीय प्रदर्शन था।
गावस्कर ने सुझाव दिया कि ईशान किशन को संजू सैमसन के साथ पारी की शुरुआत करने भेजें और अभिषेक की जगह रिंकू सिंह को मौका दें। रिंकू जैसे खिलाड़ी बड़े मुकाबलों में दबाव संभालने में माहिर हैं।
बॉलिंग में भी बदलाव की जरूरत बताते हुए गावस्कर ने वरुण चक्रवर्ती को हटाकर कुलदीप यादव को शामिल करने की बात कही। नरेंद्र मोदी स्टेडियम की बड़ी बाउंड्री और सपाट पिच पर कुलदीप की फिरकी कमाल कर सकती है। वरुण ने ग्रुप स्टेज के बाद सुपर-8 और सेमीफाइनल में निराश किया, खासकर इंग्लैंड के खिलाफ 4 ओवर में 64 रन लुटाए।
क्या भारत सेमीफाइनल वाली टीम के साथ उतरेगा या गावस्कर के सुझाव मानेगा? फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। यह फाइनल भारत के लिए इतिहास रचने का मौका है।