
पुणे। महा ओपन एटीपी चैलेंजर 75 टेनिस टूर्नामेंट के सिंगल्स सेमीफाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए ग्रेट ब्रिटेन के फेलिक्स गिल और इटली के फेडेरिको सीना फाइनल में प्रवेश कर गए। शिव छत्रपति क्रीड़ा संकुल के बालेवाड़ी टेनिस स्टेडियम में खेले गए इन मुकाबलों ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
गिल ने लिथुआनिया के आठवें वरीय एडास बुटविलास को 6-4, 7-5 से पराजित किया। महत्वपूर्ण पलों में धैर्य बनाए रखकर उन्होंने ब्रेक पॉइंट हासिल किए और फाइनल का टिकट पक्का किया। यह टूर्नामेंट महाराष्ट्र स्टेट लॉन टेनिस एसोसिएशन द्वारा राज्य सरकार के सहयोग से आयोजित हो रहा है।
वहीं, छठे वरीय सीना ने क्रोएशिया के डुजे अजदुकोविक को 7-5, 6-2 से धूल चटा दी। पहले सेट में कड़ी टक्कर के बाद दूसरे में उन्होंने बेसलाइन से शानदार रैलियां खेलीं और 1 घंटे 15 मिनट में जीत हासिल की। जूनियर रैंकिंग में चौथे स्थान पर विराजमान सीना का प्रदर्शन लाजवाब रहा।
डबल्स फाइनल में कोरिया के जीसुंग नाम और फिनलैंड के पैट्रिक निकलास-सालमिनेन ने इंडो-थाई जोड़ी को 6-4, 6-7(1), 10-7 से हराया। विजेताओं को 4,980 डॉलर, 75 एटीपी पॉइंट्स और ट्रॉफी मिली, जबकि उपविजेताओं को 2,880 डॉलर और 50 पॉइंट्स।
पुरस्कार वितरण समारोह में एमएमआरडीए के एमडी श्रवण हार्डिकर, एमएसएलटीए सचिव सुंदर अय्यर, संयुक्त सचिव राजीव देसाई और एटीपी पर्यवेक्षक रोजेरियो सैंटोस ने शिरकत की। लीना नागेशकर भी मौजूद रहीं। फाइनल मुकाबला रोमांचक होने की पूरी उम्मीद है।