
महिला क्रिकेट जगत में एक बड़ा झटका लगा है। इंग्लैंड की स्टार ऑलराउंडर नताशा फैरेंट ने महज 29 साल की उम्र में प्रोफेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया। चार साल पहले लगी पीठ की चोट ने उन्हें बार-बार परेशान किया, जिससे वे कभी पूरी तरह फिट नहीं हो सकीं।
सरे काउंटी और ओवल इनविंसिबल्स के लिए घरेलू क्रिकेट खेल चुकीं फैरेंट को यह चोट लगे चार साल हो चुके हैं। शुरुआत में वे पूरे एक साल मैदान से दूर रहीं। रिहैबिलिटेशन के बावजूद समस्या बनी रही, जिसने उनके करियर को छोटा कर दिया।
कम उम्र में ही प्रतिभा का लोहा मनवाने वाली फैरेंट ने 2013-14 के ऑस्ट्रेलिया दौरे पर एशेज जीतने वाली इंग्लैंड टीम में सबसे युवा खिलाड़ी के रूप में डेब्यू किया। घरेलू स्तर पर सदर्न वाइपर्स के साथ दो महिला सुपर लीग खिताब जीतकर उन्होंने कमाल दिखाया।
2021 के ‘द हंड्रेड’ पहले सीजन में ओवल इनविंसिबल्स को चैंपियन बनाने में उनकी 18 विकेटों की शानदार गेंदबाजी अहम रही। वे टूर्नामेंट की टॉप बॉलर बनीं।
संन्यास की घोषणा पर फैरेंट ने कहा, ‘शानदार सहयोग और मेरी सारी कोशिशों के बावजूद, मैं अब उच्च स्तर का प्रदर्शन नहीं कर पाऊंगी। चोटों का शारीरिक-मानसिक प्रभाव और अपने उच्च मानदंडों पर खरा न उतरना इस अध्याय का अंत है।’
खेल के अलावा फैरेंट प्रसारण और मीडिया में कदम रख चुकी हैं। वे भविष्य में क्रिकेट से जुड़े रहने की इच्छा जाहिर कीं, जो खेल उनके लिए सबकुछ है।