
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में गुरुवार को भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप-2026 का दूसरा सेमीफाइनल होगा। जीतने वाली टीम 8 मार्च को न्यूजीलैंड से फाइनल में भिड़ेगी। इस महत्वपूर्ण मुकाबले से पहले पूर्व भारतीय क्रिकेटर अतुल वासन ने दोनों पक्षों के खिलाड़ियों पर टिप्पणी की है।
भारत के 25 साल के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने टूर्नामेंट की शुरुआत तीन शून्यों से की, लेकिन उसके बाद साउथ अफ्रीका के खिलाफ 15, जिम्बाब्वे के विरुद्ध 55 और वेस्टइंडीज के मुकाबले 10 रन बनाए। वासन का कहना है, ‘अभिषेक को आक्रामकता छोड़ने की जरूरत नहीं। दबाव कम करें तो वे अपना असली खेल दिखाएंगे। अक्षर पटेल का निचले क्रम में होना टीम के लिए मजबूत कवच है।’
सुपर-8 में साउथ अफ्रीका से 76 रन की हार के बाद भारत ने जिम्बाब्वे को 72 रन से और वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराया। वासन मानते हैं कि यह हार ‘गुप्त वरदान’ सिद्ध हुई, जिसने टीम को बड़े दबाव के लिए तैयार किया।
इंग्लैंड की संतुलित टीम में विल जैक्स उभरते सितारे हैं। उनका स्पिन अटैक (डॉसन, जैक्स, रशीद) भारत से बेहतर दिख रहा है। बटलर-साल्ट की सलामी जोड़ी और आर्चर बनाम सैमसन का द्वंद्व रोमांचक होगा। वासन बुमराह को टीम का ‘बैंक’ बताते हैं—शुरुआती विकेट ले लें तो जीत पक्की। वानखेड़े पर ओस के कारण टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करना ठीक रहेगा। सैमसन की 97* नाबाद पारी टीम के लिए शुभ संकेत है।