
भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में 7 फरवरी से शुरू हो रहे टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए तैयारियां जोरों पर हैं। लेकिन साउथ अफ्रीकी ऑलराउंडर डोनोवन फेरिरा का टूर्नामेंट में खेलना मुश्किल लग रहा है। एसए20 लीग के दौरान लगी कंधे की चोट ने उनकी मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
जोबर्ग सुपर किंग्स की कप्तानी संभाल रहे फेरिरा प्रिटोरिया कैपिटल्स के खिलाफ अहम मुकाबले में फील्डिंग कर रहे थे। ओवर की आखिरी गेंद पर बाउंड्री बचाने के चक्कर में डाइव मार दी, लेकिन गलत तरीके से गिर पड़े। बाएं कंधे में तेज दर्द हुआ।
फिर भी बल्लेबाजी के लिए उतरे, लेकिन एक ही गेंद खेली और रिटायर हर्ट होकर लौट गए। जांच में कंधे में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई। इससे वे एसए20 से बाहर हो गए। जोबर्ग अभी प्लेऑफ की रेस में है और सोमवार को पार्ल रॉयल्स से भिड़ेगी।
टी20 वर्ल्ड कप के लिए फेरिरा फिनिशर, बैकअप विकेटकीपर और पार्ट-टाइम बॉलर की भूमिका निभाने वाले थे। उनकी कमी साउथ अफ्रीका को महंगी पड़ सकती है। रिप्लेसमेंट में रयान रिकेल्टन का नाम प्रमुख है, जिन्होंने एसए20 में दो शतक ठोके।
साउथ अफ्रीकी कैंप में फिटनेस इश्यूज चिंता बढ़ा रहे हैं। टोनी डी जोरजी दिसंबर की हैमस्ट्रिंग चोट से रिकवर कर रहे हैं। वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज में वापसी की उम्मीद। चयनकर्ताओं पर ओटनील बार्टमैन को टीम से बाहर करने पर सवाल उठे, जबकि सीमरों की भरमार है।
ग्रुप-डी में साउथ अफ्रीका 9 फरवरी को कनाडा से खेलेगी। अफगानिस्तान, न्यूजीलैंड और यूएई भी पूल में। फेरिरा की चोट साउथ अफ्रीका के अभियान पर भारी पड़ सकती है।