
अरुण जेटली स्टेडियम में टी20 विश्व कप 2026 के ग्रुप ए मुकाबले में बास डे लीडे के शानदार ऑलराउंड खेल ने नीदरलैंड को नामीबिया पर सात विकेट से आसान जीत दिलाई। लक्ष्य का पीछा करने उतरी डच टीम ने दो ओवर शेष रहते ही जीत हासिल कर ली।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी नामीबिया की पारी 156/8 पर सिमट गई। निकोल लोफ्टी-ईटन ने 38 गेंदों पर दो छक्के और एक चौका जड़कर 42 रन बनाए। जान फ्राइलिंक 30 और जेजे स्मिट 22 रन पर आउट हुए। कप्तान गेरहार्ड इरासमस ने नौ गेंदों पर 18 रन जोड़े।
नीदरलैंड की गेंदबाजी में बास डे लीडे और लोगान वान बीक ने दो-दो विकेट झटके। आर्यन दत्त व फ्रेड क्लासेन को एक-एक सफलता मिली। 157 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए नीदरलैंड को मैक्स ओ’डाउड के रूप में शुरुआती झटका लगा, जो सात रन बनाकर लौटे।
तीसरे नंबर पर उतरे डे लीडे ने 48 गेंदों पर पांच चौके और चार छक्के ठोकते हुए नाबाद 72 रन बनाए। उन्होंने माइकल लेविट (28) के साथ 30, कोलिन एकरमैन (32) संग 68 और कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स (18*) के साथ 43 रनों की साझेदारियां कीं। 18 ओवर में 3 विकेट पर 159 रन बनाकर नीदरलैंड ने जीत दर्ज की।
डे लीडे को उनकी शानदार बल्लेबाजी व गेंदबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। यह जीत नीदरलैंड के अभियान को मजबूती देगी।