
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रविवार को खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मैच में जसप्रीत बुमराह ने इतिहास रच दिया। अनुभवी तेज गेंदबाज ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चार ओवर में 15 रन देकर तीन विकेट चटकाए, जिससे उनका कुल विकेटों का आंकड़ा 33 पर पहुंच गया। इस उपलब्धि के साथ वे टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय बन गए।
2016 से 2026 तक 22 मैचों में 33 विकेट हासिल कर बुमराह ने रविचंद्रन अश्विन के 32 विकेट (24 मैच, 2012-2022) का रिकॉर्ड तोड़ दिया। अर्शदीप सिंह ने 18 मैचों में 32 विकेट लेकर अश्विन की बराबरी की, जबकि हार्दिक पंड्या के नाम 29 मैचों में 29 विकेट हैं। रवींद्र जडेजा के 30 मैचों में 22 विकेट दर्ज हैं।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दक्षिण अफ्रीका 20 रन पर तीन विकेट गंवा चुकी थी। यहां डेवाल्ड ब्रेविस और डेविड मिलर ने चौथे विकेट के लिए 40 गेंदों पर 97 रनों की साझेदारी की। ब्रेविस 39 गेंदों में 6 चौकों के साथ 45 रन बनाकर आउट हुए। मिलर ने 35 गेंदों में 7 चौके व 3 छक्के जड़कर 63 रन ठोके, तो ट्रिस्टन स्टब्स ने 24 गेंदों में नाबाद 44 रन बनाए। टीम ने 7 विकेट पर 187 रन बनाए।
भारत के लिए बुमराह ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए। अर्शदीप को दो, वरुण चक्रवर्ती व शिवम दुबे को एक-एक मिला। बुमराह की यह गेंदबाजी न सिर्फ रिकॉर्ड तोड़ने वाली रही, बल्कि टीम इंडिया के लिए नॉकआउट चरण की राह आसान बनाने वाली भी साबित हुई।