
ढाका से बड़ी खबर क्रिकेट जगत में। टी20 विश्व कप 2026 से बाहर होने के बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी), आईसीसी और जुड़े सभी पक्षों का आभार जताया है। लेकिन सबसे चौंकाने वाली अपील है पीसीबी से 15 फरवरी को भारत के खिलाफ मैच खेलने की।
बीसीबी के बयान में पीसीबी चेयरमैन मोहसिन रजा नकवी, उनके बोर्ड और पाकिस्तानी प्रशंसकों की सराहना की गई। अध्यक्ष मोहम्मद अमीनुल इस्लाम ने कहा, ‘पाकिस्तान के सहयोग से हम प्रभावित हैं। हमारा भाईचारा हमेशा बना रहे। मंगलवार की छोटी पाकिस्तान यात्रा और बातचीत के परिणामों के बाद, मैं पूरे क्रिकेट तंत्र के हित में भारत के खिलाफ मैच खेलने का अनुरोध करता हूं।’
दरअसल, बांग्लादेश ने भारत में ग्रुप चरण के मैचों से इनकार कर दिया था। तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान के आईपीएल 2026 से रिलीज होने के बाद सुरक्षा चिंताओं का हवाला देकर मैच श्रीलंका शिफ्ट करने की मांग की। आयरलैंड के साथ ग्रुप बदलने का सुझाव भी दिया, मगर आईसीसी ने खारिज कर दिया। नतीजा- स्कॉटलैंड को जगह मिली।
यह अपील दक्षिण एशियाई क्रिकेट की जटिलताओं को उजागर करती है। पाकिस्तान इस प्रस्ताव को स्वीकारेगा या नहीं, ये देखना दिलचस्प होगा।