
मेलबर्न। फॉर्मूला वन के ऑस्ट्रेलियन ग्रैंड प्रिक्स के आयोजकों ने स्पष्ट किया है कि मध्य पूर्व में चल रहे संघर्ष से यात्रा में आई परेशानियों के बावजूद सीजन का आगाज रविवार को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही होगा। अल्बर्ट पार्क सर्किट पर कोई बदलाव नहीं होगा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में ऑस्ट्रेलियन ग्रैंड प्रिक्स कॉर्पोरेशन के सीईओ ट्रैविस औल्ड ने बताया कि अधिकारियों, टीमों और ड्राइवरों की यात्रा योजनाओं में संशोधन जरूर हुआ, लेकिन सभी समय पर पहुंच जाएंगे। उन्होंने दर्शकों को भरोसा दिलाया कि आयोजन में कोई कमी नहीं दिखेगी।
औल्ड ने कहा, ‘सभी यहां रेस के लिए तैयार होंगे। कुछ ड्राइवर पहले से ऑस्ट्रेलिया में हैं, जबकि यूरोप और ब्रिटेन से आने वालों को वैकल्पिक रूट अपनाने पड़े। फैंस को कोई फर्क नहीं पड़ेगा।’
अमेरिका-इजरायल हमलों और ईरान से जुड़े तनाव के कारण कई उड़ानें रद्द हुईं। लगभग 2000 एफ1 कर्मियों को योजनाएं बदलनी पड़ीं, जबकि 500 स्टाफ को विशेष विमानों से लाया जा रहा है।
पिरेल्ली ने सुरक्षा के नाम पर बहरीन टेस्ट रद्द किया। एफ1 प्रबंधन अप्रैल के बहरीन-सऊदी रेस पर नजर रखे हुए है।
शुक्रवार से प्रैक्टिस, शनिवार क्वालीफाइंग और रविवार मुख्य रेस होगी। आयोजक आश्वस्त हैं कि सब कुछ तय शेड्यूल पर चलेगा।