
हुबली, 27 फरवरी। रणजी ट्रॉफी एलीट 2025-26 के फाइनल में जम्मू-कश्मीर ने कर्नाटक पर पूरी तरह से पकड़ बना ली है। केएससीए हुबली ग्राउंड पर चौथे दिन का खेल समाप्त होने पर जेकेए ने दूसरी पारी में 4 विकेट पर 186 रन बनाए और कुल बढ़त 477 रनों की कर ली।
कर्नाटक की पहली पारी 293 रनों पर सिमट गई। मयंक अग्रवाल ने 21 चौकों की सहायता से 160 रनों की शानदार पारी खेली, लेकिन बाकी बल्लेबाज विफल रहे। कृतिक कृष्णा ने 36 और श्रेयस गोपाल ने 27 रन जोड़े। छठे विकेट के लिए मयंक-कृतिक की 79 रनों की साझेदारी उल्लेखनीय रही, मगर अंतिम चार विकेट मात्र 52 रनों पर ढेर हो गए।
जेकेए के आकिब नबी ने धारदार गेंदबाजी करते हुए 23 ओवर में 54 रन देकर पांच विकेट झटके। सुनील कुमार और युधवीर सिंह ने दो-दो सफलताएं हासिल कीं। पहली पारी में 584 रनों के बाद 291 रनों की बढ़त मिली।
दूसरी पारी में यावर हसन (1), शुभम पुंडीर (4) और कप्तान पारस डोगरा (16) सस्ते आउट हुए। फिर कमरान इकबाल (94*) और अब्दुल समद (32) ने चौथे विकेट के लिए 73 रनों की साझेदारी की। साहिल लोत्रा 16* के साथ इकबाल का साथ दे रहे हैं।
अब अंतिम दिन जेकेए ट्रॉफी पर कब्जा जमाने के करीब हैं।