
कोलंबो में शनिवार को टी20 वर्ल्ड कप का मैदान एक ऐतिहासिक पल का साक्षी बना। ओमान के दिग्गज ऑलराउंडर आमिर कलीम ने 44 साल और 86 दिन की उम्र में आयरलैंड के खिलाफ अर्धशतक ठोककर सबसे बुजुर्ग बल्लेबाज का रिकॉर्ड कायम किया। यह कारनामा उन्होंने सिंहली स्पोर्ट्स क्लब में 28 गेंदों पर पूरा किया।
आमिर ने अपनी ही टीम के मोहम्मद नदीम का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने इसी टूर्नामेंट में 43 साल 161 दिन की उम्र में श्रीलंका के खिलाफ 50 रन बनाए थे। इस सूची में श्रीलंका के सनथ जयसूर्या तीसरे नंबर पर हैं, जिनका रिकॉर्ड 2009 का है।
236 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए आमिर ने सलामी बल्लेबाज के तौर पर धमाकेदार शुरुआत की। दूसरी गेंद पर चौका, चौथी पर छक्का। उन्होंने हम्माद मिर्जा के साथ 73 रनों की साझेदारी की। बैरी मैकार्थी की तेज बाउंसर पर आउट होने से पहले 29 गेंदों में 2 छक्के और 5 चौके जड़े।
ओमान 18 ओवर में 139 पर सिमट गई, लेकिन आमिर के 50 ही एकमात्र अर्धशतक था। हम्माद ने 46 और सुफयान महमूद ने 10 रन बनाए। आमिर पहले ही टी20 वर्ल्ड कप के सबसे बुजुर्ग खिलाड़ी बन चुके थे। उनके नाम 54 टी20 में 718 रन और 48 विकेट हैं। यह उपलब्धि सहयोगी देशों की क्रिकेट क्षमता को रेखांकित करती है।