
सहारनपुर, 19 जनवरी। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार पर लोगों की धार्मिक आस्था को चोट पहुंचाने का गंभीर आरोप लगाया है। वाराणसी के पवित्र मणिकर्णिका घाट पर चल रही तोड़फोड़ को उन्होंने आस्था पर सीधा प्रहार बताया।
मसूद ने कहा कि भगवान शिव का मंदिर ध्वस्त कर दिया गया और हनुमान जी की प्रतिमा को ट्रैक्टर से खींच लिया गया। अहिल्याबाई होलकर ट्रस्ट ने इन तस्वीरों को जारी किया है। सहारनपुर में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने बरेली की घटना का जिक्र किया, जहां घर में नमाज पढ़ रहे लोगों को पुलिस ने जेल भेज दिया। दिल्ली में भी संघ कार्यालय के लिए सदियों पुराना मंदिर तोड़ दिया गया।
‘भाजपा को मंदिर-मस्जिद पर बुलडोजर चलाते हुए दुख नहीं होता क्या?’ उन्होंने तंज कसा। मसूद ने दावा किया कि भाजपा शासन में सबसे अधिक मंदिर ढहाए गए और जमीनें हड़पी गईं। बहस के लिए तैयार हैं।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने सीएम योगी से सवाल किया कि अगर मूर्ति तोड़ने का वीडियो एआई जनरेटेड है तो सबूत पेश करें। मूर्ति कहां है, यह स्पष्ट करें। अधिकारी खुद तोड़फोड़ मान रहे हैं, फिर इनकार क्यों? यह विरोधाभास सरकार की मंशा पर सवाल उठाता है।
काशी की संस्कृति और विरासत से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं। कांग्रेस सच की लड़ाई लड़ती रहेगी।