scorecardresearch
LokShakti Logo
मुख्य पृष्ठNews100 प्रतिशत बायोइथेनॉल से चलने वाली टोयोटा इनोवा का 26 नवंबर को होगा शुभारंभ

100 प्रतिशत बायोइथेनॉल से चलने वाली टोयोटा इनोवा का 26 नवंबर को होगा शुभारंभ

Lok Shakti
Lok Shaktiसंवाददाता (Reporter)
|News|
November 4, 2026
100 प्रतिशत बायोइथेनॉल से चलने वाली टोयोटा इनोवा का 26 नवंबर को होगा शुभारंभ
--- Advertisement ---
Jharkhand Banner Advertisement

केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बुधवार को यहाँ कहा कि भारत प्रदूषणमुक्त और पर्यावरण अनुकूल परिवहन की ओर तेजी से बढ़ रहा है। नई दिल्ली में आयोजित 'पावरिंग द नेक्स्ट माइल' सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने पुष्टि की कि टोयोटा की लोकप्रिय 4-व्हीलर 'इनोवा' का एक विशेष संस्करण 26 नवंबर को पूर्णतः बायोइथेनॉल आधारित ईंधन के साथ बाजार में उपलब्ध कराया जाएगा।

मंत्री ने आर्थिक लाभों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि वर्तमान में बायोइथेनॉल की कीमत लगभग 75 रुपये प्रति लीटर है, जबकि पेट्रोल 120 रुपये प्रति लीटर का कारोबार कर रहा है। गणना के अनुसार, पेट्रोलियम आधारित वाहनों की तुलना में इस नए मॉडल से प्रति लीटर करीब 25 से 30 रुपये की बचत हो सकती है। तकनीकी रूप से, यह वाहन चलते समय अपनी कुल आवश्यक शक्ति का लगभग 60 प्रतिशत हिस्सा बिजली द्वारा प्राप्त करेगा, जिससे ईंधन दक्षता में इजाफा होगा।

गडकरी ने जोर देकर कहा कि स्वच्छ, सुरक्षित और समावेशी वाहन प्रौद्योगिकियों का अपनाना आम नागरिकों और देश दोनों के लिए लाभदायक सिद्ध होगा। इस परिवर्तन से ईंधन पर होने वाले भारी खर्च में कमी आएगी और पर्यावरण को भी फायदा होगा।

इलेक्ट्रिक वाहन बाजार की वर्तमान स्थिति पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि कुछ समय पहले बाजज और टीवीएस के इलेक्ट्रिक स्कूटरों में लगभग 125 किलोमीटर की रेंज थी। बाद में कई स्टार्टअप कंपनियों ने लागत कम करने के लिए बैटरी क्षमता घटाकर 70 किलोमीटर की रेंज वाले वाहन 70,000 से 72,000 रुपये के बीच लॉन्च किए। हालाँकि, अब बैटरी तकनीक और वाहन अभियांत्रिकी में निरंतर सुधार के कारण इलेक्ट्रिक वाहनों की उपयोगिता बढ़ी है।

उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान देश के पहले इलेक्ट्रिक स्कूटर, कार, बस और ट्रक को हर झंडी दिखाने का उल्लेख किया। गडकरी ने बताया कि लीथियम-आयन बैटरियों की कीमत शुरुआत में 150 डॉलर प्रति किलोवॉट-घंटा थी, जो अब घटकर 50 डॉलर प्रति किलोवॉट-घंटा हो गई है। यद्यपि बढ़ती मांग और सीमित आपूर्ति के कारण कीमतों में गिरावट की रफ्तार थम गई है, लेकिन फॉसिल फ्यूल वाले वाहनों की तुलना में इलेक्ट्रिक वाहनों की निम्न संचालन लागत अभी भी उपभोक्ताओं को लंबी अवधि में आर्थिक लाभ प्रदान करती है। इस तरह की हरित प्रौद्योगिकियाँ भारत की ऊर्जा आयात निर्भरता को कम करने और वैकल्पिक ईंधन को बढ़ावा देने की दिशा में प्रमुख भूमिका निभाएंगी।

--- Advertisement ---
--- Advertisement ---
--- Advertisement ---
Jharkhand Sidebar Advertisement 300x250