
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दो दिवसीय दौरे के प्रथम दिवस रविवार को सर्किट हाउस में विकास परियोजनाओं, निर्माण कार्यों और कानून-व्यवस्था की गहन समीक्षा की। उन्होंने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शनार्थियों के साथ पुलिसकर्मियों द्वारा दुर्व्यवहार या दुर्व्यवस्था की कोई शिकायत आने न देने के सख्त निर्देश दिए। मंदिर प्रशासन और पुलिस को व्यवस्था में तत्काल सुधार लाने को कहा गया।
मुख्यमंत्री ने काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की दुकानों तक श्रद्धालुओं की आसान पहुंच और वस्तुओं के उचित दाम सुनिश्चित करने पर बल दिया। धार्मिक स्थल लाभ का साधन नहीं, श्रद्धा का केंद्र हैं, इसलिए वहां श्रद्धालुओं के लिए सर्वोत्तम सुविधाएं हों। मणिकर्णिका व हरिश्चंद्र घाट के निर्माण में मैनपावर बढ़ाकर गति लाने के आदेश दिए।
घाटों व मंदिरों के निकट ऐतिहासिक धरोहरों का संरक्षण अनिवार्य है। गोदौलिया रोप-वे स्टेशन पर यात्रियों के लिए मजबूत व्यवस्था के साथ तेजी से काम हो। अमृत-2 के तहत सीवरेज व जलापूर्ति कार्य सुव्यवस्थित हों, निगरानी सख्त रहे और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत प्राथमिकता से हो।
रोप-वे का किराया जनसामान्य के अनुकूल रखें। स्वच्छता में मशीनों का अधिक उपयोग करें। शहर में वेंडिंग जोन, कान्हा उपवन व स्ट्रे डॉग सेंटर चिह्नित स्थानों पर बनें। दालमंडी सड़क चौड़ीकरण के लिए मुआवजा तत्काल वितरित कर शीघ्र कार्य पूरा करें। बिजली के तार भूमिगत मानक अनुसार हों ताकि सुरक्षा बनी रहे।
गर्मी में पेयजल संकट न हो। कानून व्यवस्था में धार्मिक आयोजन मंदिर परिसर तक सीमित रहें, नई परंपराएं नहीं चलेंगी। तेज साइलेंसर, हॉर्न बंद, सड़क अतिक्रमण समाप्त। स्कूली बच्चों को ट्रैफिक नियम सिखाएं। कोडीन सिरप के अवैध कारोबार पर कड़ी कार्रवाई।
अवैध शराब बिक्री व परिवहन पर नजर। राजस्व वाद शीघ्र निपटें, जनसुनवाई नियमित। व्यापार-उद्योग बैठकों में शिकायतें तत्काल सुलझें। यातायात सुचारू, पुलिस व्यवहार शालीन। जिमों में महिला ट्रेनर हों। अवैधताओं पर सजा। होली व पर्वों पर चाक-चौबंद इंतजाम।
मंडलायुक्त ने प्रस्तावित योजनाओं का प्रेजेंटेशन दिया। जिलाधिकारी ने 17 हजार करोड़ की 74 परियोजनाओं की जानकारी दी। पुलिस कमिश्नर ने अपराध नियंत्रण व एडीजी ने भर्ती परीक्षा पर बताया।