
नई दिल्ली। बांग्लादेश में बीएनपी की संसदीय चुनावों में शानदार जीत के बाद विश्व हिंदू परिषद ने उम्मीद जताई है कि नई सरकार हिंदू समुदाय पर हो रहे अत्याचारों को रोकने के लिए कड़े कदम उठाएगी। वीएचपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने सोशल मीडिया एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि पिछले दिसंबर में कट्टरपंथी नेता शरीफ उस्मान हादी की मौत के बाद से हिंदुओं पर हमलों का दौर तेज हो गया है।
बुधवार को कमालगंज के इस्लामपुर मौलवी बाजार में चंपारा चाय बागान में 28 वर्षीय हिंदू मजदूर रतन शुभो कर का खून से सना शव मिला। उसके हाथ-पैर रस्सियों से बंधे थे और शरीर पर गहरी चोटें थीं। बंसल ने इसे पिछले तीन दिनों में दूसरी हत्या बताया, जबकि दो महीनों में करीब दो दर्जन हिंदू जिहादी हिंसा का शिकार हो चुके हैं।
बीएनपी को बधाई देते हुए बंसल ने कहा कि युवा नेतृत्व वाली नई लोकतांत्रिक सरकार को हत्याओं पर रोक लगानी चाहिए, न्याय और सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए तथा कट्टरपंथी गुटों पर सख्ती बरतनी चाहिए। इससे बांग्लादेश में कानून का राज बहाल होगा और विकास का मार्ग प्रशस्त होगा।
इससे पूर्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीएनपी प्रमुख तारिक रहमान को जीत पर बधाई दी। उन्होंने एक्स पर लिखा कि यह जीत बांग्लादेश जनता के भरोसे को दिखाती है। भारत लोकतांत्रिक बांग्लादेश का समर्थन करेगा और द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने को तैयार है।