
सिंगापुर/लखनऊ। उत्तर प्रदेश को 2029-30 तक 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के महत्त्वाकांक्षी लक्ष्य की दिशा में एक बड़ा कदम बढ़ा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सिंगापुर दौरे पर ‘टीम यूपी’ को करीब 1 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं, जिनमें से 60 हजार करोड़ रुपये के एमओयू ‘इन्वेस्ट यूपी’ के तहत हस्ताक्षरित हो चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने मीडिया से कहा कि वैश्विक पारदर्शिता के दौर में निवेशक उत्तर प्रदेश की हर प्रगति पर नजर रखे हुए हैं, जिसका परिणाम यह भारी निवेश है। उनके साथ उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल जापान भ्रमण के साथ सिंगापुर पहुंचा, जहां सुबह से देर रात तक बैठकें चलीं।
दो दिनों में 100 से अधिक प्रतिनिधियों से भेंट हुई। सिंगापुर के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, उपप्रधानमंत्री, गृह एवं ऊर्जा मंत्री के साथ सकारात्मक चर्चाएं हुईं। फिनटेक कंपनियों के प्रमुखों से भी वार्ता हुई, जिनमें से कई पहले से यूपी में सक्रिय हैं। गंगा एक्सप्रेसवे में निवेश इसका उदाहरण है।
निवेशकों की नजर में यूपी की छवि में पूर्ण परिवर्तन आया है। जेवर एयरपोर्ट के कार्गो व एमआरओ विकास के लिए सिंगापुर की तकनीक का अध्ययन किया। विश्वस्तरीय स्किलिंग सेंटरों का दौरा यूपी के पटेल एम्प्लॉयमेंट जोन मॉडल को मजबूत करेगा।
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत व यूपी की वैश्विक साख मजबूत हुई है। भारतीय उच्चायोग की भूमिका सराहनीय रही। ये समझौते यूपी को ट्रिलियन डॉलर इकॉनमी की ओर तेजी से ले जाएंगे।
