
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रदेशवासियों को भरोसा दिलाया है कि पेट्रोल, डीजल और घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है। सभी जिलों में पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और तेल कंपनियां नियमित आपूर्ति जारी रखे हुए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही कमी की अफवाहों को सरकार ने भ्रामक करार दिया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए हैं कि अफवाह फैलाकर जमाखोरी या कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। ईंधन और गैस की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करना पहली प्राथमिकता है। प्रशासनिक टीमें पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों का निरीक्षण कर रही हैं।
आपूर्ति श्रृंखला पर नजर रखी जा रही है ताकि कहीं कोई गड़बड़ी न हो। उपभोक्ताओं से अपील है कि घबराकर अतिरिक्त खरीदारी न करें। स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और आमजन को चिंता करने की कोई जरूरत नहीं। अफवाह फैलाने वालों को कानूनी शिकंजा कसा जाएगा।