
हैदराबाद। तेलंगाना सरकार एक व्यापक जनसंपर्क कार्यक्रम की शुरुआत करने जा रही है, जो 6 मार्च से 12 जून तक 99 दिनों तक चलेगा। ‘प्रजा पालन–प्रगति प्राणालिका’ नामक इस पांच चरण वाले अभियान का मुख्य लक्ष्य सरकारी योजनाओं, विकास परियोजनाओं और सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाना है। मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी की अगुवाई में जिला कलेक्टरों की बैठक में यह फैसला लिया गया, जिसमें योजना विभाग को नोडल एजेंसी बनाया गया।
6 मार्च को पुराने जिलों में मंत्रियों की निगरानी में तैयारी बैठकें होंगी। 2 अप्रैल को ग्राम सभाएं, 16 अप्रैल को मंडल स्तर, 2 मई को विधानसभा क्षेत्र, 22 मई को जिला स्तर और 2 जून से राज्य स्थापना दिवस के साथ समापन होगा। इस दौरान विकास कार्यों का शिलान्यास-उद्घाटन होगा और एक विशेष ऐप निगरानी करेगा।
अभियान में 10 विभागीय क्षेत्र शामिल हैं- स्वच्छता, स्वास्थ्य, सड़क सुरक्षा, कल्याण योजनाएं, बाल सुरक्षा-नशामुक्ति, किसान-अन्नदाता कल्याण, शिक्षा, युवा-खेल, महिला सशक्तिकरण और पर्यावरण। सीएम ने साफ निर्देश दिए कि सभी योजनाएं पात्रों तक पहुंचें। ग्राम सभाओं में विस्तृत जानकारी और जनप्रतिनिधियों की भागीदारी अनिवार्य।
स्थानीय नेताओं के लिए जिला स्तर पर प्रशिक्षण, किसानों को सोलर पंपसेट के लाभ बताना, रूफटॉप सोलर की संभावनाएं साझा करना। नई राशन कार्ड, चावल वितरण, इंदिरम्मा घर, 200 यूनिट मुफ्त बिजली, कर्ज माफी, मुफ्त बस, सस्ता गैस सिलेंडर जैसे लाभ ग्राम-जिला स्तर पर पारदर्शी तरीके से बताए जाएंगे।
35 सरकारी मेडिकल कॉलेजों का बेहतर उपयोग, प्राथमिक केंद्रों से रेफरल, फेसियल रिकग्निशन से योजनाओं में पारदर्शिता- आसरा पेंशन में 3 लाख फर्जी हटाए। परिवहन में डिजिटलीकरण, फिटनेस टेस्ट, नेत्र शिविर, व्हाट्सऐप पर गड्ढा-दुर्घटना रिपोर्टिंग। यह अभियान तेलंगाना की शासन व्यवस्था को नई ऊंचाई देगा।