
जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में पुलिस ने शांति भंग करने की साजिश रचने वाले फेक न्यूज के नेटवर्क के खिलाफ सख्त कदम उठाया है। जनता को गुमराह करने और अशांति फैलाने के उद्देश्य से फैलाई जा रही झूठी खबरों पर पुलिस ने साइबर थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया।
कई न्यूज चैनल, मीडिया हाउस और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर बिना सत्यापन के मनगढ़ंत सामग्री प्रसारित की जा रही थी। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि यह सुनियोजित प्रयास क्षेत्र में माहौल खराब करने का है।
ऐसी गतिविधियां देश की सुरक्षा और एकता के लिए खतरा हैं। कई संदिग्ध प्रोफाइल्स की पहचान हो चुकी है और उन्हें साइबर सेल में पूछताछ के लिए बुलाया गया है। जांच तेजी से चल रही है तथा दोषियों पर कठोर कार्रवाई होगी।
पुलिस ने चेतावनी जारी की है कि भड़काऊ या फर्जी खबरें फैलाने वालों को कानूनी सजा से नहीं बचा जा सकेगा। नागरिकों और मीडिया को आधिकारिक स्रोतों से तथ्य जांचने की सलाह दी गई है।
कश्मीर घाटी में व्यापक पाबंदियां लगाई गई हैं। स्कूल-कॉलेज बंद, विश्वविद्यालय की परीक्षाएं स्थगित, इंटरनेट स्पीड घटी और संवेदनशील स्थानों पर भारी सुरक्षा बल तैनात। श्रीनगर पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने को कटिबद्ध है।